कोहरे की वजह से संपूर्ण क्रांति और श्रमजीवी समेत बिहार की ये नौ जोड़ी ट्रेनों के फेरे कम
पटना
बिहार की राजधानी पटना समेत पूर्व मध्य रेल में चलने वाली 9 जोड़ी ट्रेनों के फेरे के दिनों में कमी की गई है। कोहरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पूर्व मध्य रेल के मुख्य यात्री परिचालन प्रबंधक ने इस संबंध में सूचना जारी कर दी है। पटना से हावड़ा के बीच चलने वाली स्पेशल संपूर्ण क्रांति ट्रेन फरवरी महीने में प्रत्येक गुरुवार को रद्द रहेगी। फरवरी में प्रत्येक गुरुवार को यह ट्रेन पटना से और हावड़ा से नहीं खुलेगी। वहीं राजेंद्र नगर से नई दिल्ली जाने वाली संपूर्ण क्रांति स्पेशल ट्रेन गाड़ी संख्या 02393 फरवरी महीने में प्रत्येक बुधवार को रद्द रहेगी। वहीं डाउन में नई दिल्ली से राजेंद्र नगर आने वाली स्पेशल ट्रेन 02394 प्रत्येक गुरुवार को रद्द रहेगी। वहीं राजगीर से नई दिल्ली जाने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को और नई दिल्ली से राजगीर जाने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को फरवरी में रद्द रहेगी। वहीं दानापुर से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलाई जाने वाली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन पूरे फरवरी में पूर्णतः रद्द कर दी गई है।
जारी की गई सूचना के अनुसार जयनगर-नई दिल्ली, धनबाद-फिरोजपुर कैंट, रक्सौल-आनंदविहार, सहरसा-नई दिल्ली, मुजफ्फरपुर-आनंदविहार, गया-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन भी फरवरी में अलग अलग तिथि में रद्द है। पूर्व मध्य रेल ने पटना से बिलासपुर के बीच चलने वाली पटना विलासपुर सप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के परिचालन अवधि में विस्तार कर दिया है। इस ट्रेन का समय ठहराव और भाड़ा पूर्ववत रहेगा। ट्रेन पूरी तरीके से आरक्षित होकर चलाई जाएगी। पूर्व मध्य रेल के मुख्य यात्री परिचालन प्रबंधक की ओर से बताया गया है कि पटना से बिलासपुर सप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 28 मार्च तक चलाई जाएगी, जबकि बिलासपुर से पटना के बीच यह ट्रेन 26 मार्च तक की तिथि तक के लिए विस्तारित की गई है।

पाठको की राय